जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना अंतर्गत पविया- काशीटांड़ मुख्य सड़क पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. जहां दुर्गापुर से मधुपुर की ओर अल्ट्राटेक सीमेंट लेकर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में चालक सुरक्षित बच गया. जबकि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदा सीमेंट सड़क किनारे बिखर गया.



प्राप्त जानकारी के अनुसार. पश्चिम बंगाल नंबर WB 39 D 7301 का ट्रक अल्ट्राटेक सीमेंट लेकर मधुपुर की ओर जा रहा था. पविया- काशीटांड़ मुख्य सड़क पर पहुंचते ही संकरी और जर्जर सड़क के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. देखते ही देखते ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया.
ट्रक चालक कृष्णा हेमराम ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और यह दुर्घटना हुई. हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए.
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने और यातायात सामान्य कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है.
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि ट्रक को भारी क्षति पहुंची है और बड़ी मात्रा में सीमेंट सड़क किनारे बिखर जाने से आर्थिक नुकसान हुआ है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





