जामताड़ा: देवघर और जामताड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर अब अजय नदी पर साफ दिखाई देने लगा है. नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और बहाव भी तेज हो गया है. सेंट्रल वॉटर कमिशन ने चेतावनी दी है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में जलस्तर में और तेजी से वृद्धि हो सकती है.



सेंट्रल वॉटर कमिशन के अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि विभाग अजय नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है. वर्तमान स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है. उन्होंने कहा कि लगातार वर्षा होने की स्थिति में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार. महज चार दिन पहले तक अजय नदी लगभग सूखी नजर आ रही थी. लेकिन लगातार बारिश के बाद नदी में पानी तेजी से बढ़ा है और बहाव भी पहले की तुलना में काफी तेज हो गया है. इससे नदी किनारे रहने वाले लोगों में सतर्कता बढ़ गई है.

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी के तेज बहाव को देखते हुए अनावश्यक रूप से नदी में प्रवेश न करें. नदी पार करने या जलस्तर वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





