चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत परोडीह स्थित मंदिर परिसर में राम नवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ भंडारा का आयोजन किया गया. इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया.

भंडारा कार्यक्रम में मकरंडा पंचायत के परोडीह और पुरनाडीह गांव के ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. सभी ग्रामीणों ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही, जहां पूजा- अर्चना के बाद प्रसाद वितरण किया गया.
इस आयोजन का संचालन सुदर्शन उर्फ बिट्टू के नेतृत्व में किया गया. उनके साथ कई ग्रामीणों ने व्यवस्था संभाली और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे. पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक माहौल बना रहा और भक्तों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया.
ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष राम नवमी के अवसर पर इस तरह का आयोजन किया जाता है, जिससे गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है.
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम से क्षेत्र की सुख- समृद्धि और शांति की कामना की. इस मौके पर कृष्ण, सहदेव, गोमा, बीरेंद्र, अरुण, बुधन जोहान, फुलमनी, सुकुरमनी, सुमित, नमिता सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे.

