जामताड़ा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जामताड़ा नगर पंचायत द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए ऐतिहासिक गांधी मैदान में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्षा आशा गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, राजा नित्य गोपाल सिंह सहित सभी वार्ड पार्षद, सफाई मित्र एवं नगर पंचायत कर्मियों ने भाग लिया. सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा नगर क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए जनआंदोलन खड़ा करने का संकल्प लिया.



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्षा आशा गुप्ता ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पौधारोपण ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का सबसे प्रभावी माध्यम है. उन्होंने नगरवासियों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की.

वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता ने कहा कि पूरे शहरवासियों का सामूहिक संकल्प है कि आने वाले समय में जामताड़ा को ‘ग्रीन जामताड़ा’ बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लगातार बढ़ती गर्मी लोगों के लिए चिंता का विषय बन चुकी है. जिस गति से पेड़ों की कटाई हो रही है, उस अनुपात में पौधारोपण नहीं हो पा रहा है. यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देना है तो पौधारोपण को अभियान और संकल्प दोनों के रूप में अपनाना होगा.
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर ही पर्यावरण संतुलन को बनाए रखा जा सकता है और बच्चों को शुद्ध वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है. कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने जामताड़ा को हरित एवं स्वच्छ नगर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत की ओर से शहर में प्रभात फेरी भी निकाली गई. इसके माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं पौधारोपण के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण बचाने और अधिकाधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया गया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





