
जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की गई. बैठक में सभी थाना प्रभारियों, पुलिस निरीक्षकों, एसडीपीओ और विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.


बैठक में बताया गया कि मई 2026 से अब तक 753 वारंटों का निष्पादन किया गया है, जबकि जून 2026 में 43 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को गंभीर अपराधियों, सीमावर्ती क्षेत्रों के सक्रिय बदमाशों और हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया.
एसपी ने महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान, लंबित कांडों और वारंटों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया. साथ ही बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शोरूम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने तथा नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
बैठक में सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला उत्पीड़न, डायन प्रथा, दहेज प्रथा, बाल विवाह और साइबर अपराध के खिलाफ गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया. एसपी ने पुलिस-पब्लिक संबंध मजबूत करने, आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने और नियमित एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया.
आगामी श्रावणी मेला-2026 को देखते हुए सड़क मार्ग से आने वाले कांवरियों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष गश्त और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक के बाद पुलिस केंद्र, जामताड़ा में आयोजित पुलिस सभा में एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की समस्याएं सुनीं तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





