
जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना पुलिस ने टोटो चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया टोटो भी बरामद कर लिया. दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


पुलिस के अनुसार. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजदेव सिंह (पिता- गुरदेव सिंह) एवं उपकार पासवान (पिता- स्वर्गीय राजेंद्र पासवान), दोनों निवासी हिल रोड, मिहिजाम के रूप में हुई है.
बताया गया कि टोटो चोरी की घटना को लेकर मिहिजाम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी गए टोटो को बरामद कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया.
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार दोपहर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की वारदात से भी संबंध है या नहीं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





