जामताड़ा: मिहिजाम थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक गैर-जमानती वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुर्मीपाड़ा निवासी राजा सिंह, पिता विपिन सिंह के रूप में हुई है.


पुलिस के अनुसार, राजा सिंह के खिलाफ वर्ष 2020 से संबंधित जीआर संख्या 440 के मामले में जामताड़ा न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था. वारंट जारी होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था.
मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा को आरोपी के कुर्मीपाड़ा क्षेत्र में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने संभावित ठिकाने पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने राजा सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया. इसके बाद उसे जामताड़ा व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय के आदेश पर आरोपी को मंडल कारा भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों के निष्पादन को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा. फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर पुलिस टीमों को सक्रिय रखा गया है. पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों में हड़कंप मचा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

