
गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर छोटा गम्हरिया निर्मल पथ के सामने मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई है.


उल्लेखनीय है कि ट्रक संख्या MH12LT-8538 ने बाइक संख्या JH05DN-3281 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 22 वर्षीय मोहम्मद निसार, पिता मोहम्मद यूनुस, निवासी अंसार नगर, डेमडुबी (कपाली ओपी क्षेत्र) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान, निवासी गौसनगर (कपाली ओपी क्षेत्र) को बेहतर इलाज के टीएमएच ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम कर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर एंबुलेंस और पुलिस नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया. घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने टाटा-कांड्रा मार्ग जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया.
सूचना पर पहुंची गम्हरिया थाना पुलिस ने ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है. हालांकि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने किसी तरह सड़क जाम हटाया और मामले की जांच कर रही है. साथ ही फरार चालक की तलाश में जुटी है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





