जामताड़ा: मिहिजाम रोड स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर मंगलवार को भगवान शिव की भक्ति में सराबोर रहा. मारवाड़ी युवा मंच, जामताड़ा की ओर से आयोजित भव्य महारुद्राभिषेक अनुष्ठान में 51 जोड़ों ने सामूहिक रूप से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया. वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा.


धार्मिक विधि-विधान के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा.
मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष जतिन परसुरामका ने बताया कि इस विशेष अनुष्ठान का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ समाज में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी सौहार्द की कामना करना है. उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है.
अनुष्ठान के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा. वहीं संध्या बेला में विशेष आरती के साथ दिनभर चले महारुद्राभिषेक कार्यक्रम का विधिवत समापन होगा.
मनीष बर्णवाल

