जमशेदपुर: गुड़ाबांदा थाना पुलिस ने संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. पुलिस ने उनके पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.


ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में गुड़ाबांदा थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया था.
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ज्वालकट्टा मिलनवीथी हाई स्कूल के समीप हरिकीर्तन मंडप के पास कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ जमा हैं. सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तीन युवकों को तीन संदिग्ध वाहनों के साथ पकड़ लिया.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह के रूप में जमशेदपुर समेत विभिन्न जिलों के अलग- अलग थाना क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी करने की बात बताई. इसके बाद उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं. इनमें अधिकांश हीरो स्प्लेंडर प्लस और पैशन प्रो हैं, जबकि एक होंडा शाइन भी बरामद की गई है.
आरोपियों के पास से एक Apple iPhone, एक Redmi और एक Poco स्मार्टफोन भी जब्त किया गया है. पुलिस अब बरामद वाहनों का विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से मिलान कर रही है.
गुड़ाबांदा थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान वाहन चोरी के अन्य मामलों तथा गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों के संबंध में भी जानकारी सामने आ सकती है.

