जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान ह्यूमपाइप निवासी चंदन गिरी के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.


बताया जा रहा है कि छायानगर में चंदन गिरी का ससुराल है. मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर उसके शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल सीतारामडेरा पुलिस को सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी आनंद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में चंदन की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चंदन छायानगर कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था तथा घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था. आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के अनुसार मृतक का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है. ऐसे में पुलिस पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल हत्या की आशंका के बीच पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल वारदात के कारण और इसमें शामिल लोगों की पहचान का है. घटना के बाद छायानगर और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

