
जामताड़ा: देश जहां तेजी से डिजिटल इंडिया की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वहीं जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत शहरडाल पंचायत के रंगाडीह गांव के लोग आज भी कमजोर मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे हैं. गांव में जिओ और एयरटेल दोनों कंपनियों का नेटवर्क बेहद कमजोर होने के कारण लोगों को सामान्य मोबाइल कॉल करने और इंटरनेट का उपयोग करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.


ग्रामीणों का कहना है कि घर के अंदर मोबाइल नेटवर्क लगभग नहीं के बराबर रहता है. बात करने के लिए लोगों को खुले स्थानों पर जाना पड़ता है, जबकि कई बार बातचीत के दौरान कॉल बार-बार कट जाती है. इससे रोजमर्रा के कामकाज के साथ- साथ जरूरी संवाद भी प्रभावित हो रहे हैं.
हैरानी की बात यह है कि इसी गांव में शहरडाल पंचायत के मुखिया सुखेंद्र टुडू का आवास भी है, लेकिन वर्षों से चली आ रही इस समस्या का अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है. मुखिया ने बताया कि खराब नेटवर्क का सबसे अधिक असर जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) पर पड़ रहा है. करीब 450 राशन कार्डधारियों को हर महीने राशन लेने में परेशानी होती है, क्योंकि ई-पॉस मशीन नेटवर्क के अभाव में ठीक से काम नहीं करती. कई बार लाभुकों को घंटों इंतजार करने के बाद भी बिना राशन लिए वापस लौटना पड़ता है.
ग्रामीणों ने बताया कि नेटवर्क की समस्या के कारण बैंकिंग सेवाएं, ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल भुगतान, सरकारी योजनाओं का लाभ, विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है. इसका सबसे अधिक असर छात्रों और युवाओं पर पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों और संबंधित विभाग से मांग की है कि रंगाडीह गांव में जल्द अतिरिक्त मोबाइल टावर लगाए जाएं या मौजूदा नेटवर्क व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि लोगों को निर्बाध संचार सुविधा मिल सके और डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त हो सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






