
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के दक्षिण बहाल गांव से 25 जून को लापता हुए एक नाबालिग को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है. नाबालिग गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बारासोली गांव से मिला. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है.


थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि नाबालिग अपने बहन के घर दक्षिण बहाल गांव आया हुआ था. इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया. काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उसके पिता ने नारायणपुर थाना में अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई.
मामले में नारायणपुर थाना कांड संख्या 78/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बारासोली गांव में छापेमारी कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया.
पुलिस के अनुसार नाबालिग पूरी तरह सुरक्षित है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे बाल कल्याण समिति के माध्यम से परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई की परिजनों और स्थानीय लोगों ने सराहना की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






