सरायकेला-खरसावां: जिले के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. जहां आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत पम्मी धर्मकांटा के समीप हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से एक लॉजिस्टिक कंटेनर में भीषण आग लग गई. हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक बड़ा लॉजिस्टिक कंटेनर वजन कराने के लिए पम्मी धर्मकांटा की ओर जा रहा था. इसी दौरान वाहन का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया. संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और देखते ही देखते कंटेनर आग की लपटों में घिर गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में वाहन का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित दूरी पर हट गए.
हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे किसी तरह वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया. चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को अवगत कराया गया. समाचार लिखे जाने तक राहत और बचाव कार्य जारी था तथा आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे थे.
इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों की पुष्टि की जा रही है.



