सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड मुख्यालय सभागार में बुधवार को VB-G-Ram-G योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण में प्रखंड क्षेत्र के सभी मुखिया, पंचायत सचिव, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और रोजगार सेवक शामिल हुए.



प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर योजनाओं के चयन में ग्राम सभा की भूमिका, पेशा अधिनियम के प्रावधान, तकनीकी मानक और योजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई. बीपीओ रेशमी लामाय ने बताया कि योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों के आधार पर विकास कार्यों का चयन किया जाएगा और इसमें ग्राम सभा की सहभागिता को प्राथमिकता दी गई है.
उन्होंने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में पेशा अधिनियम के तहत ग्राम सभा को विशेष अधिकार प्राप्त हैं. इसलिए योजनाओं के चयन में ग्राम सभा की सहमति और भागीदारी महत्वपूर्ण होगी. इससे विकास कार्यों में पारदर्शिता के साथ ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं का चयन सुनिश्चित किया जा सकेगा.
प्रशिक्षण में बताया गया कि 13 और 14 अगस्त को सभी पंचायतों में विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के दौरान ग्राम सभा के माध्यम से पंचायत क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार योजनाओं का चयन किया जाएगा. चयनित योजनाओं को पंचायत की कार्यकारिणी समिति के समक्ष प्रस्तुत कर पारित कराया जाएगा, जिसके बाद प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
सहायक अभियंता और कनीय अभियंताओं को योजनाओं के तकनीकी मानक, कार्यान्वयन प्रक्रिया और गुणवत्ता नियंत्रण की जानकारी दी गई. प्रशिक्षण के दौरान लेबर बजट, कार्य दिवस को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने, 60 दिन मजदूरों के लिए रेस्ट योजना तथा जल सुरक्षा से संबंधित योजनाओं में 30 प्रतिशत अनिवार्यता समेत विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी गई.
अधिकारियों ने कहा कि योजना को सफल बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और विभागीय कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. ग्राम सभा के माध्यम से योजनाओं का चयन होने से ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ेगी और क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलेगी.
प्रशिक्षण में बीपीओ रेशमी लामाय, सहायक अभियंता गणेश महतो, कनीय अभियंता राहुल कुमार यादव, रेशमी बोदरा, मुखिया करम सिंह मुंडा, लुदरी हेंब्रम, सरस्वती मींज, देवचरण हाईबुरू, सात्री सांगा, पंचायत सचिव हरे कृष्ण प्रधान, अंजू वर्ण, राजकिशोर सोय, दिलवर कुमार, नंदलाल गोप, विकास गोप समेत अन्य उपस्थित रहे.





