जामताड़ा: लगातार हो रही भारी बारिश ने गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत चंद्रदीपा पंचायत के पहाड़गोड़ा टोला में भारी बारिश के कारण महादेव हांसदा का घर धंस गया. अचानक मकान के क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गयी है.


बताया गया कि लगातार बारिश के कारण मकान की स्थिति पहले से ही कमजोर हो गयी थी. इसी बीच बारिश के दौरान घर का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे मकान को काफी नुकसान पहुंचा. गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घर क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार को सुरक्षित ठिकाने की चिंता सताने लगी है.
प्रशासन से मुआवजे और राहत की मांग
घटना के बाद महादेव हांसदा ने स्थानीय प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का स्थल निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है. उन्होंने सरकारी प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता और तत्काल राहत उपलब्ध कराने की अपील की है.
पीड़ित परिवार का कहना है कि बारिश के कारण घर रहने लायक नहीं रह गया है. ऐसे में यदि प्रशासन की ओर से जल्द सहायता नहीं मिली, तो परिवार के सामने गंभीर परेशानी खड़ी हो सकती है. परिवार ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

