जमशेदपुर: गोलमुरी मुख्य बाजार में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर व्यवसायियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए व्यवसायियों ने बाजार बंद का आह्वान किया है. व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से दुकानदारों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है. व्यवसायियों की नाराजगी की बड़ी वजह हाल में हुई दो घटनाएं हैं.


24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया. इसके अगले ही दिन आरती ज्वेलर्स में चोरी की घटना सामने आई. लगातार दो घटनाओं के बाद व्यापारिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है. इसी क्रम में शनिवार को विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग गोलमुरी बाजार पहुंचे और दुकानदारों से उनकी समस्याएं सुनीं.
इस दौरान अप्पू तिवारी, शिवशंकर सिंह, दिनेश कुमार और पप्पू उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी मौजूद रहे. व्यवसायियों ने बाजार में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी प्रभावी बनाने और आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. व्यापारियों का कहना है कि उनका बंद किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं, बल्कि बाजार और कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर है.

