जमशेदपुर: आस्था और श्रद्धा का महापर्व चैती छठ शहर में पूरे उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है. मंगलवार को व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया.

शहर के विभिन्न नदी घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में सूप, फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्रियों के साथ विधि- विधान से पूजा- अर्चना की.
पूरे घाट क्षेत्र में छठी मैया के जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा. व्रतधारियों ने अपने परिवार के साथ भगवान भास्कर से सुख- समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. चैत महीने में मनाया जाने वाला यह पर्व विशेष धार्मिक महत्व रखता है. अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पूजा का एक महत्वपूर्ण चरण संपन्न हुआ. अब बुधवार सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ इस महापर्व का समापन होगा.

