जामताड़ा: प्रखंड के बरजोरा और उदलबनी पंचायत के करीब 40 गरीब परिवारों को बिना ऋण लिए ही बैंक की ओर से कर्ज वसूली का नोटिस मिलने का मामला तूल पकड़ने लगा है. सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष मंतोष कुमार महतो के नेतृत्व में बैंक ऑफ इंडिया की मिहिजाम शाखा का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया.



ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2021 में मिहिजाम स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक बिमल चंद्र महतो ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनवाने के नाम पर उनसे आधार. पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा कराए थे. लेकिन उन्हें किसी प्रकार का ऋण नहीं दिया गया. इसके बावजूद अब उनके नाम पर 40 हजार से 60 हजार रुपये तक का लोन दर्शाकर वसूली का नोटिस भेजा जा रहा है.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नोटिस में राशि जमा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है. इससे गरीब परिवारों में भय और आक्रोश का माहौल है.
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की लिखित शिकायत पहले ही उपायुक्त. पुलिस अधीक्षक और मिहिजाम थाना में की जा चुकी है. लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उनका आरोप है कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण पीड़ित परिवार लगातार मानसिक तनाव झेल रहे हैं.
जेएलकेएम जिला अध्यक्ष मंतोष कुमार महतो ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो गोराईनाला मोड़ पर सड़क जाम कर व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा. इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.
वहीं. बैंक ऑफ इंडिया की मिहिजाम शाखा के प्रबंधक ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रभावित ग्रामीण धनबाद स्थित बैंक के जोनल कार्यालय में भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराएं. ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जा सके. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





