जामताड़ा/ Manish Baranwal उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों रुपए मूल्य की अवैध शराब बरामद की है. यह छापेमारी शहर के पीएचईडी गली क्षेत्र में की गई. उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक कुंदन कौशल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम का नेतृत्व उत्पाद इंस्पेक्टर निखिल चंद्र कर रहे थे.

गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने हटिया इलाके में शिव मंदिर के पास स्थित अभय गुप्ता के घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ.
जब्त सामग्री में विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित 74 बोतल अंग्रेजी शराब (करीब 25 लीटर) और 47 केन बियर (करीब 24 लीटर) शामिल हैं. बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग 45 हजार रुपए आंकी गई है.
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों को देखते हुए अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
फिलहाल उत्पाद विभाग ने जब्त शराब को कब्जे में लेकर संबंधित आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

