बोकारो के आजाद नगर नवलपुर मोहल्ला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 129/322 की सेविका समीना जलाल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं. स्थानीय लोगों ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है.

लोगों का आरोप है कि सेविका मईया सम्मान योजना के सत्यापन के दौरान फॉर्म देने के नाम पर लाभुकों से 300 रुपये की वसूली कर रही थी. शिकायतकर्ताओं ने इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया है, जिसमें सेविका पैसे लेने की बात स्वीकार करती दिखाई दे रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेविका विभिन्न योजनाओं के फॉर्म भरने के नाम पर पैसे मांगती है, यहां तक कि गर्भवती महिलाओं से प्रेगनेंसी फॉर्म भरने के लिए भी राशि वसूली जाती है.
बताया गया कि 6 मई 2026 को इस मामले की शिकायत उपायुक्त से की गई थी. शिकायत के बाद प्रशासन की ओर से जांच का आश्वासन दिया गया था और शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर भी लिए गए थे ताकि जांच के समय उन्हें सूचना दी जा सके.
हालांकि आरोप है कि 25 मई की सुबह करीब 7:15 बजे मजिस्ट्रेट जया कुमारी जांच के लिए पहुंचीं, लेकिन शिकायतकर्ताओं को इसकी जानकारी नहीं दी गई. लोगों का कहना है कि जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक जांच प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी.
स्थानीय लोगों ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जांच अधिकारी और सेविका के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया है. उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और क्षेत्र को कथित भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने की मांग की है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



