जामताड़ा: जिले के फतेहपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का शनिवार को उपायुक्त आलोक कुमार ने औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेख संधारण और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने आपूर्ति शाखा, कल्याण विभाग, मनरेगा कार्यालय, सीडीपीओ कार्यालय और आधार सेवा केंद्र समेत अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने उपस्थिति पंजी की जांच की, जिसमें कुछ कर्मियों द्वारा हस्ताक्षर नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कर्मी समय पर कार्यालय पहुंचे और नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करें.
उपायुक्त आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रखंड स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े. उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में जनता को बेहतर सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था मिलनी चाहिए. इसके लिए सभी कर्मियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की जरूरत है.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं की भी समीक्षा की. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी पंचायत की कभी भी रैंडम जांच की जा सकती है और योजनाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कार्यालय परिसर में अव्यवस्थित तरीके से खड़ी बाइक और फैली गंदगी को देखकर उपायुक्त ने नाराजगी जाहिर की. उन्होंने परिसर के बाहर वाहन खड़ा करने और तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया. कार्यालय भवन की जर्जर स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग को मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए पत्राचार करने का निर्देश दिया गया.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया. मौके पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.



