जामताड़ा: जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर जामताड़ा पुलिस अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने शनिवार को बागडेहरी थाना एवं कुण्डहित स्थित खुदमल्लिका अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पुलिस प्रशासन की कार्यशैली, सुरक्षा व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की गई.

एसपी ने थाना परिसर, बैरक, मेस और चेकपोस्ट परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ- सफाई, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने थाना कार्यालयों के अभिलेखों की भी जांच की और पुलिस पदाधिकारियों को रिकॉर्ड संधारण में सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारियों और कनीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, बढ़ती आपराधिक गतिविधियों, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और थाना में लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई.
एसपी ने साफ निर्देश दिया कि अपराधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जाए और क्षेत्र में सघन गश्ती अभियान चलाया जाए. उन्होंने फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान तेज करने को कहा. साथ ही थाना स्तर पर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता और शालीनता के साथ सुनना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद और भरोसा कायम रखना जरूरी है, तभी अपराध नियंत्रण में सफलता मिलेगी.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसिंग में अनुशासन और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि थाना स्तर की कार्यशैली ही पुलिस विभाग की छवि तय करती है. इसलिए प्रत्येक पुलिस पदाधिकारी को अपने व्यवहार, कार्यशैली और जनसंपर्क पर विशेष ध्यान देना होगा.
सूत्रों की मानें तो हाल के दिनों में सीमावर्ती इलाकों में बढ़ती गतिविधियों और अपराध नियंत्रण को लेकर जिला पुलिस लगातार सक्रिय है. अंतर्राज्यीय चेकपोस्टों पर निगरानी बढ़ाने का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना और अपराधियों की आवाजाही पर नियंत्रण करना है. निरीक्षण के दौरान मनोज कुमार महतो, पुलिस निरीक्षक कुण्डहित प्रभाग मिन्हाज आलम सहित बागडेहरी एवं कुण्डहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.
Report: Manish Baranwal



