जामताड़ा/ Manish Baranwal साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जामताड़ा पुलिस ने ठगी से अर्जित साढ़े सात लाख रुपए नकद बरामद किए हैं. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई.

पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में प्रसनजीत दाँ के घर में साइबर ठगी से जुड़ी भारी मात्रा में नगद राशि रखी गई है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की.
साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने घर की विधिवत तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर से दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और 7 लाख 50 हजार रुपए नगद बरामद किए गए.
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 23/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है.
इस कार्रवाई को जामताड़ा में बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है.

