राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर थाना परिसर में पुलिस प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके तहत आम लोगों को बच्चा चोरी की अफवाहों से सतर्क रहने का संदेश दिया गया. थाना परिसर में लगाए गए पोस्टर और प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि बिना किसी ठोस प्रमाण के किसी भी व्यक्ति पर संदेह करना और उसके साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है.

पुलिस ने स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण कई जगहों पर हिंसक घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है. ऐसे मामलों को रोकने के लिए पुलिस ने लोगों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है.
थाना प्रभारी विपुल ओझा ने कहा कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें. अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं, क्योंकि इससे समाज में डर और अस्थिरता का माहौल बनता है.
इस अभियान के माध्यम से पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें. इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में शांति बनाए रखना और भीड़ हिंसा जैसी घटनाओं पर रोक लगाना है.

