चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मनोहरपुर में रेलवे सुविधाओं को लेकर गुरुवार को मनोहरपुर में ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश महतो ने की, जिसमें मनोहरपुर और आनंदपुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मनोहरपुर रेलवे फाटक एलसी गेट नंबर 193ए पर जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए. इसके लिए रेल मंत्री को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया, जो चक्रधरपुर मंडल के माध्यम से सौंपा जाएगा.
इसके अलावा चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव और ट्रेनों के समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई. इस संबंध में दक्षिण पूर्व रेलवे, कोलकाता के महाप्रबंधक को ज्ञापन भेजा जाएगा.
बैठक में इन सभी मांगों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए एक संयोजक दल का गठन किया गया. इसमें अश्विनी बाधेल, शशिभूषण महतो, सुशील बारला, राजेश हारलालका, आलोक गुप्ता, निशार अहमद, अशोक महतो, आनादी महतो, सुशांत कुमार नायक, सुशीला टोप्पो और सीमा मुण्डारी को शामिल किया गया. वहीं संरक्षक मंडल में रंजीत यादव, जयप्रकाश महतो, गुरविंदर सिंह भाटिया, अरविंद गुप्ता, सलन महंगा, दर्शन महतो, दिलीप अग्रवाल और दुखू सिंह को जिम्मेदारी दी गई.
बैठक के दौरान ‘नागरिक सुविधा समिति मनोहरपुर’ का गठन भी किया गया. इस समिति का उद्देश्य क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को संगठित तरीके से उठाना और उनके समाधान के लिए पहल करना है.
अंत में संयोजक सुशील बारला ने सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी.

