आसनसोल/जामताड़ा: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में संयुक्त रोलिंग ब्लॉक कार्यक्रम के कारण आसनसोल से चलने वाली कई लोकल ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे की ओर से 5 से 11 अक्टूबर तक रोलिंग ब्लॉक कार्यक्रम निर्धारित किया गया है. इस दौरान एक मेमू ट्रेन को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और आंशिक प्रारंभ किया जाएगा. वहीं एक ट्रेन परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी.


रेलवे के अनुसार, 68046/68045 आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू 5 से 11 अक्टूबर तक पूरी तरह रद्द रहेगी. इसके अलावा 63594/63593 आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू की 5, 6, 7 और 11 अक्टूबर को शुरू होने वाली यात्राएं आद्रा तक ही संचालित होंगी. आद्रा से पुरुलिया के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा. वापसी में भी ट्रेन का आंशिक प्रारंभ आद्रा से किया जाएगा.
इसी तरह 68055/68056 आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू की 5, 8 और 10 अक्टूबर को शुरू होने वाली यात्राएं पुरुलिया में आंशिक रूप से समाप्त और प्रारंभ होंगी. इन तिथियों में पुरुलिया-टाटानगर-पुरुलिया के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा.
इसके अलावा 68056 टाटानगर-आसनसोल मेमू की 5, 6 और 11 अक्टूबर को शुरू होने वाली यात्राएं परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी. यह ट्रेन गढ़ध्रुबेश्वर-जयचंडी पहाड़ मार्ग से चलेगी और आद्रा स्टेशन को छोड़कर अपने गंतव्य आसनसोल पहुंचेगी.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके.
रिपोर्ट. मनीष बर्णवाल

