कपाली/ Afroz Mallik ओपी क्षेत्र में अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. क्षेत्र के चौक-चौराहों, बाजारों, गली- मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस टीम नियमित गश्त कर संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम के समय कई स्थानों पर युवकों द्वारा अड्डेबाजी, अनावश्यक भीड़ और शोर- शराबे की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है.
इस संबंध में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि अड्डेबाजी के कारण कई बार क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होती है और छोटी घटनाएं भी बड़े विवाद का रूप ले लेती हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए नियमित अभियान चलाया जा रहा है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
कपाली ओपी पुलिस की इस पहल से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है. लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी.

