जामताड़ा: आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर जामताड़ा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है. पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई.


अभियान की निगरानी जामताड़ा और नाला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों तथा संबंधित पुलिस निरीक्षकों ने की. पुलिस ने प्रमुख सड़कों और विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहनों की जांच कर चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया.
पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अपराध नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
जामताड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहारों के दौरान वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा. साथ ही आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने और शांतिपूर्ण त्योहार संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

