जामताड़ा/ Manish Barnwal झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका यूनियन की जिला कमेटी का गठन किया गया. आगामी 12 अप्रैल को रांची में प्रस्तावित राज्य सम्मेलन को लेकर यह बैठक आयोजित की गई. गांधी मैदान में आयोजित बैठक की अध्यक्षता आशा रानी हांसदा ने की, जिसमें जिले के विभिन्न परियोजनाओं से सेविका एवं सहायिकाएं शामिल हुईं. बैठक में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन को तेज करने पर चर्चा की गई.

नवगठित जिला कमेटी में सर्वसम्मति से सीता हेंब्रम को अध्यक्ष, सोनमोनी मुर्मू को जिला सचिव चुना गया. वहीं रीता देवी और आशा रानी हांसदा को उपाध्यक्ष बनाया गया. इसके अलावा रानी मुर्मू एवं ललित मुर्मू को सह सचिव तथा संतोषी हेंब्रम को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई.
जिला कमेटी में कुल 19 सदस्यों को शामिल किया गया है. इस आयोजन में यूनियन के राज्य कोषाध्यक्ष लखन लाल मंडल एवं रसोइया संयोजिका यूनियन के जिला कार्यकारी अध्यक्ष मोहन मंडल की अहम भूमिका रही. लखन लाल मंडल ने कहा कि 12 अप्रैल को होने वाला राज्य सम्मेलन काफी महत्वपूर्ण होगा, जिसमें आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की मांगों और सरकार की नीतियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी. बताया गया कि जामताड़ा जिले के छह परियोजनाओं से करीब 35 प्रतिनिधि राज्य सम्मेलन में भाग लेंगे.

