
जामताड़ा: विष्णु भैया मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में गुरुवार को पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की 64वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम की शुरुआत विष्णु भैया चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई, जहां उनकी धर्मपत्नी एवं फाउंडेशन की मुख्य संरक्षक चमेली देवी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए.


इसके बाद पटौदिया धर्मशाला में जिलास्तरीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा, भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं, व्यवसायियों, बुद्धिजीवियों एवं बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाग लेकर पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की.
मुख्य संरक्षक चमेली देवी ने कहा कि रथ यात्रा का पर्व जामताड़ा के लिए हमेशा दोहरी खुशी लेकर आता रहा है. उन्होंने कहा कि विष्णु प्रसाद भैया आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन लोग उन्हें आज भी अपने दिलों में बसाए हुए हैं. उनकी जयंती को जिस तरह एक पर्व के रूप में मनाया जा रहा है, वह किसी भी जननेता के लिए सबसे बड़ा सम्मान है.
झामुमो के वरिष्ठ नेता आनंद टुडू ने अपने संबोधन में पूर्व विधायक विष्णु प्रसाद भैया के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए किए गए प्रयासों को याद करते हुए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला.
कार्यक्रम में जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, मिहिजाम नगर पंचायत अध्यक्ष, झामुमो नेता देवाशीष मिश्रा, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभु मंडल, सुभाष मिर्धा, राजीव माझीं, भूपेश गुप्ता, दीपक दुबे, जीतू सिंह, कमल गुप्ता, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सुदामा महतो, विरेन मंडल, महेंद्र चौधरी, लक्ष्मण झा, मो. सागीर खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे. मंच संचालन देवाशीष मिश्रा एवं चंचल कुमार राय ने किया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





