जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी घाट के समीप गुरुवार देर रात एक 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया. अचानक हुए इस हादसे से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हादसे की जानकारी मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई की जा रही है.


मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर टाटा रायसन कंपनी से माल लोड कर हरियाणा के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान लिट्टी चौक के समीप कथित तौर पर बाइक सवार दो युवकों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया. चालक ने वाहन नहीं रोका और वहां से आगे बढ़ गया. इसी क्रम में गांधी घाट के समीप ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया.
बाइक सवार युवकों ने क्यों रोका ट्रेलर ? पुलिस जांच में जुटी
वाहन मालिक के अनुसार ट्रेलर के हरियाणा रवाना होने के बाद लिट्टी चौक के पास दो बाइक सवार युवकों ने चालक को रोकने का प्रयास किया था. चालक ने किसी अनहोनी की आशंका में वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ना उचित समझा. इसी दौरान वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया और ट्रेलर सड़क पर पलट गया.
हालांकि, बाइक सवार युवक कौन थे और वे ट्रेलर को किस उद्देश्य से रोकना चाहते थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. वाहन मालिक के दावे की भी पुलिस जांच कर रही है.
बड़ा हादसा टला, ट्रेलर हटाने में जुटी पुलिस
18 चक्का ट्रेलर के पलटने के बावजूद किसी के हताहत नहीं होने से बड़ी अनहोनी टल गई. दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया और वाहन को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा तेज रफ्तार, अचानक वाहन मोड़ने अथवा किसी अन्य कारण से हुआ. पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों के साथ बाइक सवार युवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
सवाल यह भी है कि देर रात मालवाहक ट्रेलर को रोकने का प्रयास करने वाले युवक आखिर कौन थे ? पुलिस जांच के बाद ही वाहन मालिक के दावे और दुर्घटना की परिस्थितियों की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

