कटिहार: कोलकाता- जोगबनी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई. दिल का दौरा पड़ने की आशंका के बीच कटिहार रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान यात्री की मदद के लिए पहुंचे. जवानों ने तत्काल सीपीआर देकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और यात्री को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. समय पर मिली सहायता से यात्री की हालत में सुधार हुआ. फिलहाल वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है.


जानकारी के अनुसार तेजस मंडल मालदा से जोगबनी जाने के लिए कोलकाता- जोगबनी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे. इसी दौरान कटिहार स्टेशन के समीप अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. सूचना मिलते ही प्लेटफॉर्म संख्या दो पर तैनात आरपीएफ जवान सक्रिय हो गए और यात्री को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने में जुट गए.
महिला कांस्टेबल सारिका ने दिखाई तत्परता
यात्री को प्राथमिक उपचार देने में आरपीएफ की महिला कांस्टेबल सारिका की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उन्होंने बताया कि आरपीएफ कर्मियों को आपात परिस्थितियों से निपटने और सीपीआर देने का प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जाता है. इसी प्रशिक्षण की बदौलत यात्री की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल मदद की जा सकी.
सारिका ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और आपात स्थिति में उनकी सहायता करना आरपीएफ की जिम्मेदारी है. किसी यात्री की जान बचाने में योगदान देना उनके लिए संतोष की बात है.
समय पर मिली मदद से टला बड़ा खतरा
प्राथमिक उपचार के बाद यात्री तेजस मंडल को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. हालांकि, दिल का दौरा पड़ने की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है. कटिहार स्टेशन पर आरपीएफ जवानों की तत्परता ने एक बार फिर आपात परिस्थितियों में समय पर सीपीआर और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के महत्व को सामने रखा है.

