
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत एन टाइप मोड़ पर शुक्रवार की रात करीब 7:50 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. एक सफेद रंग की हुंडई i10 कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नाली में जा घुसी. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद कार सीधे नाली में जा गिरी. राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए.
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार चालक नशे की हालत में था. हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है. मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही अथवा किसी अन्य कारण से हुआ. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार सवारों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





