
जामताड़ा: झाझा–सीतारामपुर रेलखंड के मथुरापुर स्टेशन पर पीक्यूआरएस (Permanent Quality Repair Scheme) के तहत ट्रैक अनुरक्षण कार्य कराया जाएगा. इसके लिए 13, 16 और 20 जुलाई 2026 को दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.30 बजे तक ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा. इस दौरान रेलखंड पर संचालित होने वाली कई मेमू ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है.


रेल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 63546 जसीडीह–अंडाल मेमू पैसेंजर 13, 16 और 20 जुलाई को पूरी तरह रद्द रहेगी.
वहीं, 63509 बर्द्धमान–झाझा मेमू पैसेंजर इन तीनों दिनों में केवल मधुपुर स्टेशन तक ही संचालित होगी. इसके कारण यह ट्रेन मधुपुर–झाझा रेलखंड के बीच रद्द रहेगी.
इसी प्रकार, 63510 झाझा–बर्द्धमान मेमू पैसेंजर 13, 16 और 20 जुलाई को मधुपुर स्टेशन से अपने निर्धारित समय पर प्रस्थान करेगी. फलस्वरूप यह ट्रेन झाझा–मधुपुर रेलखंड के बीच रद्द रहेगी.
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन अस्थायी परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं. ट्रैक अनुरक्षण कार्य के कारण होने वाली असुविधा के लिए रेलवे ने खेद व्यक्त किया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





