जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेताकोचा स्थित एक फैक्ट्री के बाहर खड़े कंटेनर में एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया.

मृतक की पहचान आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर हवा सिंह यादव के रूप में हुई है. वह राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र स्थित बालूबास गांव का रहने वाला बताया गया है.
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक ने रविवार देर रात कंटेनर के बाहर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की. घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और हेडफोन भी बरामद किया गया है. आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले वह किसी से मोबाइल पर बातचीत कर रहा था और संभवतः किसी तनाव या विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया.
घटना के बाद शव को एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है. पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.



