जमशेदपुर: रामनवमी पर्व को लेकर जमशेदपुर पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आ रही है. इसी क्रम में STF के डीआईजी इंद्रजीत महथा गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचे और शहर के संवेदनशील रामनवमी अखाड़ा जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान इंद्रजीत महथा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो.
इससे पूर्व जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर उनका पारंपरिक स्वागत किया गया. मौके पर जमशेदपुर एसएसपी पियूष पांडे, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
अधिकारियों ने बताया कि शहर में रामनवमी का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा, जबकि अखाड़ा जुलूस का विसर्जन शनिवार को निकाला जाएगा. इसे लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है.

