
चांडिल: आगामी रथ यात्रा के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को चांडिल अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.


बैठक में चांडिल रोड पर नालियों से बह रहे पानी की समस्या के समाधान, रथ यात्रा के साथ एम्बुलेंस की उपलब्धता, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा पेयजल के लिए पानी के टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सहमति बनी. इसके अलावा स्वच्छता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रथ यात्रा के दिन सड़क किनारे अंडा, मांस एवं मछली की बिक्री नहीं करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में साधु बांध मठिया के स्वामी इंद्रानंद सरस्वती, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे. अधिकारियों ने सभी से आपसी सहयोग, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के साथ रथ यात्रा को सफल बनाने की अपील की.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





