जमशेदपुर/ Varun Kumar सांसद विद्युत वरण महतो ने शनिवार को राखामाइंस स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18477/18478 पुरी- योगनगरी ऋषिकेश- पुरी उत्कल एक्सप्रेस के नए ठहराव का विधिवत शुभारंभ किया. इस दौरान सांसद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया.
इस अवसर पर स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और रेल यात्री मौजूद रहे. लोगों ने उत्साह के साथ ट्रेन का स्वागत किया और लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरी होने पर खुशी जताई.

कार्यक्रम में खड़गपुर मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) मनीषा गोयल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार, मंडल के अन्य अधिकारी, डीआरयूसीसी के सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि उत्कल एक्सप्रेस के इस ठहराव से राखामाइंस और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को दूर- दराज के शहरों तक यात्रा करने में काफी सहूलियत मिलेगी. रेलवे अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल सेवाओं के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
उत्कल एक्सप्रेस के इस नए ठहराव से अब क्षेत्र के यात्रियों को पुरी और योगनगरी ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक सीधे यात्रा करने की सुविधा मिलेगी.

