आसनसोल: त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा और नई दिल्ली के बीच संचालित होने वाली विशेष ट्रेन के चार अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया है. रेलवे के इस फैसले से त्योहारों में घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.


रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गाड़ी संख्या 04052 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली से 12, 15, 17 और 21 अक्टूबर 2026 को रवाना होगी. वहीं, गाड़ी संख्या 04051 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन हावड़ा से 14, 17, 19 और 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्थान करेगी.
रेलवे ने बताया कि सभी अतिरिक्त फेरे निर्धारित समय-सारिणी और वर्तमान ठहराव के अनुसार संचालित किए जाएंगे. इन विशेष फेरों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करना और नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को कम करना है.
त्योहारों के समय बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को लौटते हैं, जिसके कारण लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में अतिरिक्त फेरों के संचालन से यात्रियों को यात्रा की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

