जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर शुक्रवार को पुलिस एक अलग और सख्त अंदाज में नजर आई. साकची थाना क्षेत्र स्थित जुबिली पार्क के समीप उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक बड़ी संख्या में पुलिस जवान और अधिकारी इलाके में पहुंच गए और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया.

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने जुबिली पार्क के पास बने फुटपाथी दुकानों के आसपास पूरे इलाके को घेर लिया. इसके बाद वहां मौजूद दुकानदारों, ग्राहकों और आने-जाने वाले राहगीरों की एक-एक कर तलाशी ली जाने लगी. अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप जैसी स्थिति बन गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोगों को कुछ समझ में आता उससे पहले ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू कर दी. इस दौरान कई लोगों से पूछताछ भी की गई. पुलिस जवानों ने बैग, जेब और अन्य सामानों की भी जांच की.
हालांकि इस औचक सर्च अभियान को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. लेकिन माना जा रहा है कि शहर में हाल के दिनों में बढ़ी आपराधिक घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह विशेष जांच अभियान चलाया गया.
अचानक हुए इस पुलिस अभियान को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा. वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे अभियान से अपराधियों में डर का माहौल बनेगा और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



