जामताड़ा: चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा- काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस से करीब 40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. बरामद सभी नोट 500 रुपये के बताए जा रहे हैं. इस कार्रवाई के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है.

जानकारी के अनुसार हावड़ा- काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस (13019) के एसी कोच B-3 में भारी मात्रा में नकदी ले जाए जाने की गुप्त सूचना GRP को मिली थी. सूचना मिलते ही चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद GRP की टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाया.
तलाशी के दौरान कोच के अंदर प्लास्टिक के पैकेट में छिपाकर रखी गई नोटों की गड्डियां बरामद हुईं. पुलिस ने तत्काल पूरी राशि को जब्त कर सुरक्षा के मद्देनजर जामताड़ा ट्रेजरी में जमा करा दिया है.
फिलहाल GRP और अन्य संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं. अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि इतनी बड़ी नकदी कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था. मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
GRP द्वारा कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह मामला किसी बड़े नेटवर्क या अवैध लेन-देन से जुड़ा हो सकता है.
बताया जा रहा है कि चुनाव और अन्य संवेदनशील गतिविधियों को देखते हुए रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां लगातार विशेष जांच अभियान चला रही हैं. इसी अभियान के दौरान यह बड़ी सफलता हाथ लगी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



