जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना पुलिस ने जमशेदपुर कोर्ट परिसर के पास से हुए युवक के अपहरण मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त थार वाहन (JH05DA-4721) भी जब्त कर लिया है. वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 15 जुलाई को सूचना मिली थी कि छायानगर निवासी सुशील डे (पिता- राजेश डे) का जमशेदपुर कोर्ट के समीप से अपहरण कर लिया गया है. सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस मौके पर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों से घटना की पुष्टि होने के बाद थाना प्रभारी के फर्दबयान पर सीतारामडेरा थाना कांड संख्या-74/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई.
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के दौरान उसी दिन अपहृत सुशील डे को सकुशल बरामद कर लिया गया. अनुसंधान के क्रम में शनिवार को मामले के नामजद आरोपी मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती तथा कृष्णा यादव उर्फ दबंग को गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों से पूछताछ जारी है.
गिरफ्तार कृष्णा यादव सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर, ग्वाला बस्ती का निवासी है, जबकि मोनी मोहंती गोलमुरी थाना क्षेत्र की सिंधी रिफ्यूजी कॉलोनी का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार मोनी मोहंती के विरुद्ध पूर्व से भी गोलमुरी थाना में धोखाधड़ी, जालसाजी समेत कई गंभीर धाराओं के मामले दर्ज हैं.
सिटी एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.





