जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मार्केट में शनिवार देर शाम कथित तौर पर एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग को लेकर हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. फायरिंग की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों व ग्राहकों में दहशत का माहौल बन गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक बाजार पहुंचे और रंगदारी की मांग को लेकर विवाद करने लगे. इसी दौरान लोगों को डराने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की गई. घटना के बाद कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए, जबकि बाजार में कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग का विवाद बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस ने अभी तक रंगदारी के एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.





