सरायकेला: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान का दूसरा चरण अब अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी मतदाताओं की अपेक्षाकृत कम भागीदारी को देखते हुए सरायकेला- खरसावां जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है. उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार से दो दिवसीय विशेष शिविर की शुरुआत की गई, ताकि छूटे हुए एवं पात्र मतदाता समय पर SIR प्रक्रिया पूरी कर सकें और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके.


शनिवार को उपायुक्त स्वयं आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचे और चल रहे विशेष शिविर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बीएलओ एवं बीएलए-2 से प्रपत्र वितरण, संग्रहण, सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्य की जानकारी ली. जिन बूथों पर कार्य की गति धीमी पाई गई, वहां संबंधित बीएलओ को फटकार लगाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.

उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं की भागीदारी संतोषजनक है, लेकिन शहरी क्षेत्रों में अभी भी जागरूकता की कमी देखने को मिल रही है. उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते अपना SIR प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए. उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि यदि समय हाथ से निकल गया तो बाद में काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.
उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन निर्धारित समय- सीमा के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर लेगा और जिले की मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाएगा. इस मौके पर उनके साथ एसडीएम अभिनव प्रकाश एवं सीओ गम्हरिया प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे.

गौरतलब है कि झारखंड में SIR-2026 के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची को आधार बनाया गया है. जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें केवल EPIC नंबर, बूथ संख्या, विधानसभा, आधार नंबर और मोबाइल नंबर सहित आवश्यक विवरण भरकर प्रपत्र बीएलओ को जमा करना है. वहीं जिनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नहीं है, उन्हें अपने साथ-साथ माता-पिता का आवश्यक विवरण भी प्रपत्र में भरकर जमा करना होगा.





