
जमशेदपुर: मानगो गुरुद्वारा रोड में बुधवार को हुए चर्चित राहुल बच्चा हत्याकांड के मुख्य आरोपी शब्बे पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया. उसके पैर में गोली लगी है और उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और चार खोखा बरामद किए हैं.


प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल बच्चा हत्याकांड के बाद शब्बे ने अपने तीन साथियों के साथ बुधवार देर रात पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था. पूछताछ के दौरान उसने हत्या में प्रयुक्त हथियार को मानगो 14 नंबर स्थित फॉरेस्ट पार्क में छिपाकर रखने की जानकारी पुलिस को दी.
इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों को हथियार बरामद कराने के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची. इसी दौरान मौका पाकर शब्बे ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शब्बे के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा.
घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल और चार खोखा बरामद किए हैं. बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और बरामद हथियारों के संबंध में भी पूछताछ जारी है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Shubham Mishra





