
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर जमशेदपुर की सीमा से सटे इलाके में बुधवार देर रात अड्डेबाजी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया. थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की और लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की हिदायत दी.


बताया जा रहा है कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि जमशेदपुर की सीमा से सटे NH-33 के किनारे कुछ स्थानों पर युवकों की अड्डेबाजी बढ़ रही है. इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को असुविधा हो रही थी तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की भी आशंका जताई जा रही थी. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चांडिल थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया.
अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे, ढाबों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की सघन जांच की. संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा उन्हें पहचान संबंधी दस्तावेज दिखाने को कहा गया. पुलिस ने अनावश्यक रूप से सड़क किनारे भीड़ लगाकर बैठने वाले लोगों को वहां से हटाया और दोबारा अड्डेबाजी नहीं करने की सख्त चेतावनी दी.
थाना प्रभारी संतन तिवारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है. सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, हुड़दंग और संदिग्ध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.
उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी स्थान पर असामाजिक तत्वों की गतिविधि, अड्डेबाजी या किसी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
Edited By Sarita





