जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर की अवैध तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने चार युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है और उनके पास से 81 पुड़िया ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन और 2550 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार बरामद नकदी नशा पदार्थ की बिक्री से अर्जित की गई थी.


गिरफ्तार युवकों की पहचान शेष नगर, गोविंदपुर निवासी गौरव कुमार उर्फ अमर, बर्मा माइंस मुस्लिम बस्ती निवासी इमरान, सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली निवासी जम्मुवन महतो और कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया निवासी लखन मांझी के रूप में हुई है. सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गोविंदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नया रोड के समीप जंगल की ओर जाने वाले रास्ते में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई. पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार युवक ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन से जुड़े हुए हैं और इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है. मामले की आगे जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं नशा कारोबार में लिप्त लोगों में खौफ का माहौल है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
