सरायकेला/ Pramod Singh



आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर पद के चुनाव में अंकुर सिंह विजयी घोषित हुए हैं. उन्होंने अपने एकमात्र प्रतिद्वंदी अर्चना सिंह को मात्र एक मत से पराजित किया.
मतगणना में अंकुर सिंह को कुल 18 मत प्राप्त हुए, जबकि अर्चना सिंह को 17 मत मिले. इस परिणाम के साथ ही आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर पद को लेकर चल रही सियासी खींचतान समाप्त हो गई.
अंकुर सिंह वार्ड 18 से पहली बार चुनावी मैदान में उतरे थे और जीत दर्ज कर डिप्टी मेयर पद तक पहुंचने में सफल रहे. वहीं वार्ड 29 से चुनाव जीतकर आई अर्चना सिंह ने भी पहली बार में ही कड़ा मुकाबला पेश किया. अर्चना सिंह ने अपनी दिवंगत सास की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए चुनावी मैदान में उतरकर आदित्यपुर नगर परिषद की पहली अध्यक्ष रीता श्रीवास्तव को पराजित कर डिप्टी मेयर पद के लिए दावेदारी पेश की थी. हालांकि अंतिम मुकाबले में उन्हें एक मत से हार का सामना करना पड़ा.





