
जमशेदपुर: शहर में अपराध नियंत्रण और कानून- व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार दोपहर सीसीआर साकची परिसर में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने टैंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो और क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के जवानों की विशेष ब्रीफिंग की. इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर), डीएसपी सीसीआर, पुलिस निरीक्षक सीसीआर तथा साकची थाना प्रभारी भी मौजूद रहे.


एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि शहर के संवेदनशील इलाकों में नियमित और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले, असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
उन्होंने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को और तेज करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि पेट्रोलिंग के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल सूचित किया जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी. वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन करने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए विशेष निगरानी और अभियान लगातार जारी रहेगा.





